भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आंकड़े जारी करके बताया है कि इस देश ने कोरोना महामारी से निपटने में अमरीका को पीछे छोड़ दिया है और पूरी दुनिया में भारत का रिकवरी रेट सबसे ज़्यादा हो गया है। मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से 95 हज़ार 885 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। ताज़ा आंकड़े के अनुसार गत 24 घंटों में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 93 हज़ार, 337 है जो स्वस्थ होने वाले मरीज़ों से कम है।
इस समय भारत में कोरोना के मरीज़ों की कुल संख्या 53 लाख को पार कर चुकी है जिनमें से 42 लाख स्वस्थ हो चुके हैं। भारत में कोरोना वायरस से रिकवरी रेट 79.28 प्रतिशत हो गया है। पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना से 1,247 लोगों की मौत हो गई और इस प्रकार इस देश में अब तक कोरोना से हुई कुल मौतों का आंकड़ा 85,619 हो गया है। इस समय भारत में कोरोना के कुल 10,13,964 एक्टिव मामले हैं।